
नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र में मंगलवार को फोरलेन स्थित बरखेड़ा हाड़ा चौराहे के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, शाजापुर जिले के दो श्रद्धालु बाइक से राजस्थान के रामदेवरा जा रहे थे। रास्ते में वे भादवा माता मंदिर के दर्शन के लिए मुड़े। इसी दौरान बरखेड़ा हाड़ा चौराहे के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे एक बुजुर्ग बाइक सवार से टकरा गई।
हादसे में लक्ष्मण (60) पिता ताराचंद, निवासी बरखेड़ा हाड़ा, नीमच, लक्ष्मण (28) पिता बहादुर सिंह और अखिलेश (42) पिता बहादुर सिंह, दोनों निवासी बड़ी पिलाई, जिला शाजापुर घायल हुए हैं।
एंबुलेंस टीम ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट भैरूलाल राठौर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और तत्काल नीमच जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां डॉक्टरों की टीम घायलों का उपचार कर रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद नीमच सिटी थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हादसा किस बाइक चालक की गलती से हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
