उज्जैन में स्वाइन फ्लू से दूसरी मौत, 14 मरीज ठीक होकर घर पहुंचे

उज्जैन। शहर में स्वाइन फ्लू से दूसरी मौत का मामला सामने आया है। अलखनंदा नगर निवासी 75 वर्षीय वनमाला झाला पति महेशचंद्र झाला की 11 सितंबर की रात अवंति अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्हें 1 सितंबर को अचानक तबीयत बिगडऩे पर बिड़ला अस्पताल ले जाया गया था, जहां जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। गंभीर स्थिति को देखते हुए अगले दिन उन्हें अवंति अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू और बाद में आइसोलेशन वार्ड में उपचार किया गया। करीब 11 दिन उपचार के बाद उनकी मौत हो गई।

स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर मृतका के परिवार के चार सदस्यों सहित आसपास के रहवासियों के भी नमूने लिए। आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में जांच के बाद सभी की रिपोर्ट सामान्य आई है। परिवार के सभी सदस्य स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में सर्वे भी कराया जा चुका है।

मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक पटेल ने कहा कि स्वाइन फ्लू और वायरल संक्रमण से बचाव के लिए हाथों को बार-बार साबुन से धोना, खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढंकना तथा बीमार व्यक्ति के संपर्क में आने से बचना जरूरी है। लगातार बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ या कमजोरी जैसी परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। बुजुर्गों और पहले से गंभीर बीमारी से पीडि़त लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

सीएमएचो ने बताया दूसरी बीमारी भी 

सीएमएचओ डॉ. अशोक पटेल ने नवभारत को बताया कि उज्जैन में पिछले करीब दो माह से वायरल फीवर, स्वाइन फ्लू सहित अन्य बीमारियों के मामले सामने आ रहे हैं। अब तक स्वाइन फ्लू के 16 मरीज सामने आए हैं, जिनमें से 14 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि दो मरीजों की मौत हुई है। इनमें मृत मरीजों को स्वाइन फ्लू के साथ अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं भी थीं। मृतका वनमाला झाला को भी हाइपरटेंशन सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं।

साफ-सफाई और सावधानी जरूरी

डॉ. पटेल ने लोगों से बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि घर और आसपास साफ-सफाई रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें और खांसी-जुकाम या बुखार होने पर इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज न करें। पर्याप्त आराम लें, पौष्टिक भोजन करें और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार जांच व उपचार कराएं।

Next Post

बाइक सवार की मौत के बाद देवास रोड पर चक्काजाम

Sun Sep 13 , 2026
उज्जैन। रविवार सुबह देवास रोड पर सडक़ दुर्घटना में बाइक सवार की मौत के बाद लोगों ने चक्काजाम कर दिया। कुछ देर में ही उज्जैन देवास मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 2 घंटे बाद पुलिस ने आवागमन शुरू कराया। नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम बोलसा में […]

You May Like