
उज्जैन। रविवार सुबह देवास रोड पर सडक़ दुर्घटना में बाइक सवार की मौत के बाद लोगों ने चक्काजाम कर दिया। कुछ देर में ही उज्जैन देवास मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 2 घंटे बाद पुलिस ने आवागमन शुरू कराया। नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम बोलसा में सुबह 11 के लगभग बाइक सवार को तेज गति से दौड़ती कार ने टक्कर मार दी थी। दुर्घटना के बाद मौके पर बाइक सवार की मौत हो गई। दुर्घटना देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ो की संख्या में एकत्रित हुए लोगों ने उज्जैन देवास मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। मृतक की पहचान रामचंद्र पिता सेवाराम प्रजापत 48 साल निवासी चंद्रावतीगंज इंदौर के रूप में हुई। उसके साथ पोती ऋषिका बाइक पर सवार थी। जिसे मामूली चोट लगी थी। दुर्घटना की खबर लगते ही नरवर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी लेकिन चक्काजाम की वजह से उज्जैन देवास मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग चुकी थी। चक्काजाम करने वालों का कहना था कि फोरलेन मार्ग बनने के बाद से लगातार दुर्घटना हो रही है पिछले कुछ माह में ही तीन दर्जन से अधिक दुर्घटना के मामले सामने आ चुके हैं जिसमें कुछ लोगों की मौत भी हुई है।
रफ्तार पर अंकुश नहीं
चार पहिया वाहन और बड़े वाहन तेज गति से गुजरते हैं जिनकी रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। चक्काजाम करने वालों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी प्रश्न चिन्ह लगाया। करीब 2 घंटे तक चल चक्का जाम के बाद बमुश्किल पुलिस ने लोगों को समझाया और मार्ग का आवागमन सुचारु कराया। मृतक के परिजनों ने बताया कि रामचंद्र अपने गांव से ग्राम मुंजा खेड़ी रिश्तेदारी में जा रहा था।
