रीवा: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष मानिटर बालकृष्ण गोयल ने कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए. श्री गोयल ने कहा कि हर व्यक्ति को संविधान के आर्टिकल 21 में प्राप्त अधिकारों का आयोग संरक्षक है. आयोग की वेबसाइट एचआरसीएनईटी डॉट एनआईसी डॉट इन कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों की रक्षा के लिए शिकायत दर्ज कर सकता है. आयोग बिना फीस, बिना वकील के प्रकरण की सुनवाई करके उसका निराकरण कराता है.
बैठक में श्री गोयल ने कहा कि आयोग के प्रतिनिधि के रूप में सात दिन तक रीवा जिले का भ्रमण किया गया. भ्रमण के दौरान केन्द्रीय जेल, छात्रावास, उचित मूल्य दुकान, अस्पताल, बाल सम्प्रेक्षण गृह, वृद्धाश्रम तथा अन्य संस्थाओं का निरीक्षण किया गया. इन संस्थाओं में जो कमियाँ दिखाई दीं उन्हें संबंधित अधिकारी दूर कराएं. मानव के शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आम जीवन से जुड़ी हर सुविधा की आयोग निगरानी करता है. मीडिया के विभिन्न माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं का विश्लेषण करके भी स्वत: संज्ञान के आधार पर कार्यवाही की जाती है.
राष्ट्रीय आयोग तथा राज्य मानवाधिकार आयोग एक ही वेबसाइट से जुड़े हैं. आयोग शासकीय सेवकों के सर्विस मैटर से जुड़ी समस्याओं की भी सुनवाई करता है. सभी अधिकारी मानवाधिकार से आयोग आवेदनों का तत्काल निराकरण कराएं तथा आयोग के निर्देशों पर तत्परता से कार्यवाही करें. बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि आम जनता को शासन की ओर से मिलने वाली सुविधाओं तथा जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. मानवाधिकार आयोग से जो निर्देश प्राप्त हुए हैं उनका तत्परता से पालन होगा. बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरण सिंह आदि मौजूद रहे.
बैठक में श्री गोयल ने दिये कई निर्देश
बैठक में श्री गोयल ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास बेलवा पैकान के नवीन भवन का तत्काल लोकार्पण कराएं. बाबू जगजीवनराम बालिका छात्रावास में छात्राओं के लिए स्टडी टेबल, खेल सामग्री, कंट्रोल्ड वाईफाई तथा इनवर्टर की व्यवस्था कराएं. भवन की लिफ्ट की तत्काल मरम्मत कराएं
