
सीहोर। गर्मी का मौसम शुरू होते ही जिले में आगजनी की घटनाएं तेजी से बढऩे लगी हैं. गुरुवार को शहर के इंग्लिशपुरा स्थित पार्वती कॉलोनी के पीछे सी-2 नाले के किनारे बांसों के झुंड में भीषण आग लग गई. आग इतनी विकराल थी कि सुलगते बांस तेज धमाकों के साथ फूटते रहे, जिससे आसपास के रहवासी क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया. स्थिति पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और करीब नौ बार पानी डालकर आग बुझाई जा सकी.
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही सीवन नदी के किनारे बांसों के झुंड में भीषण आग लगी थी, जिसमें हजारों बांस जलकर राख हो गए थे. इसके बाद गुरुवार को पार्वती कॉलोनी के पास फिर से आग भड़क उठी, जिससे क्षेत्र के लोगों में भय व्याप्त हो गया. आग की लपटें इतनी ऊंची उठ रही थीं कि दूर से ही उसका धुआं दिखाई दे रहा था.
आग की सूचना मिलते ही नपा के दमकल विभाग की दो गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. हालांकि, बांसों की प्रकृति के कारण आग तेजी से फैलती रही. बांस के अंदर मौजूद हवा और रेशेदार संरचना के चलते वे सुलगते हुए अचानक तेज धमाके के साथ फूट रहे थे, जिससे आग और भड़क रही थी. इस वजह से दमकलकर्मियों को आग पर नियंत्रण पाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा. गर्मी के मौसम में सूखी घास, कचरा और बांसों के झुंड आग पकडऩे में बेहद संवेदनशील होते हैं. पिछले एक पखवाड़े में खेतों में खड़ी फसल जलने की एक दर्जन से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं.
एक जगह बुझाते, दूसरी जगह भड़क उठती आग
दमकलकर्मी एक झुंड की आग बुझाते, उससे पहले ही पास के दूसरे झुंड में आग सुलग उठती. इस दौरान लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए. कई लोग अपने घरों की छतों पर चढ़कर आग का विकराल रूप देखते नजर आए. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने लगातार पानी डालकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस दौरान दमकल वाहनों को बार-बार पानी भरकर लाना पड़ा. कुल मिलाकर नौ बार पानी डालने के बाद स्थिति नियंत्रण में आई. गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बड़ी संख्या में बांस जलकर खाक हो गए.
सायरन बजाती दमकलों ने किया आशंकित
बांसों में लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकलों को बार- बार पानी भरने के लिए बालविहार मैदान स्थित टंकी तक जाना पड़ रहा था. ऐसे में सड़कों पर सायरन बजाती दौड़ रही दमकलों को देखकर लोगों को आशंका हो गई थी कि कोई बड़ा अग्रिकांड हुआ है. कई लोग तो वाहनों से दमकलों का पीछा कर मौके पर पहुंच गए थे.
