सतना: जिले के मझगवां क्षेत्र के निकट स्थित शबरी जलप्रपात में मंगलवार शाम सेल्फी लेते समय 25 वर्षीय युवक गहरे पानी में चला गया। युवक अपने सात दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण मंगलवार शाम सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। बुधवार सुबह से दोबारा तलाश शुरू की जाएगी।
लापता युवक की पहचान सुनील कोरी पुत्र मोतीलाल कोरी, निवासी किटहा, थाना जैतवारा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील अपने सात दोस्तों के साथ शबरी जलप्रपात घूमने पहुंचा था। सेल्फी लेने के दौरान वह कुंड में उतर गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया।
मित्रों ने दो सूचना
बताया गया कि सुनील के साथ मौजूद दोस्तों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मझगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, अंधेरा होने के कारण मंगलवार शाम तलाशी अभियान को आगे बढ़ाना संभव नहीं हो सका। अब बुधवार सुबह पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोबारा सर्च अभियान शुरू किया जाएगा।
