टाईब्रेकर में हरियाणा को हराकर यू मुंबा ने शीर्ष-8 में अपनी जगह सुरक्षित की

नयी दिल्ली, (वार्ता) यु मुंबा ने प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 12वें सीजन के 98वें मैच में टाईब्रेकर में हरियाणा स्टीलर्स को 7-5 से हराकर शीर्ष-8 में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। निर्धारित समय तक 37-37 की बराबरी के साथ मैच टाईब्रेकर में गया था।

आज यहां त्यागराज इंडोर स्टेडियम में रविवार को खेले गए मैच में मुंबा ने हरियाणा को हराया। मुंबा की यह 16 मैचों में नौवीं जीत है जबकि हरियाणा को इतने ही मैचों में आठवीं हार मिली। हालांकि निर्धारित समय में हरियाणा के कप्तान जयदीप ने 9 अंक लेकर डिफेंस मे एक नया कीर्तिमान स्थापित किया लेकिन उनकी मेहनत बेकार चली गई। इस जीत ने मुंबा को अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंचा दिया है।

हरियाणा ने तेज शुरुआत की और दो मिनट के भीतर 5-1 की लीड के साथ मुंबा के लिए सुपर टैकल आन कर दिया। मुंबा को इसका लाभ नहीं मिला और हरियाणा ने आलआउट लेकर 10-3 की लीड ले ली। आलइन के बाद मुंबा के डिफेंस ने एक अंक लिया और फिर संदीप ने सुपर रेड के साथ न सिर्फ स्कोर 7-10 किया बल्कि हरियाणा के लिए सुपर टैकल आन कर दिया। हरियाणा ने हालांकि खूबसूरती से खुद को इस स्थिति से निकाल लिया।

इस बीच मुंबा ने विनय को लपका तो हरियाणा ने संदीप का शिकार कर लिया। 10 मिनट के बाद हरियाणा 13-8 से आगे थे। ब्रेक के बाद संदीप की रेड पर जयदीप ने गलती कर दी और इसी के साथ 11-14 के स्कोर पर हरियाणा के लिए सुपर टैकल आन हो गया। संदीप ने अगली रेड पर हरदीप को आउट कर हरियाणा को दो खिलाड़ियों तक सीमित कर दिया लेकिन साहिल ने संदीप को लपक सुपर टैकल के दो अंक ले स्कोर 18-12 कर दिया।

लगातार तीन बार आउट होने क बाद अजीत ने एक ही रेड में तीन शिकार कर हरियाणा का सूपड़ा साफ कर दिया। इसके बाद मुंबा ने हाफटाइम तक स्कोर 20-20 से बराबर कर दिया। हाफटाइम के बाद मुंबा ने दो अंक लेकर हरियाणा के लिए सुपर टैकल आन कर दिया लेकिन हरियाणा ने सुपर टैकल के दो अंक के साथ स्कोर बराबर कर दिया। जयदीप का हाई-5 पूरा हुआ और इसके बाद जयदीप ने एक और सुपर टैकल के साथ हरियाणा को 24-23 से आगे कर दिया।

अजीत ने इस बीच जयदीप का शिकार कर लिया लेकिन राहुल और साहिल ने अजीत को सुपर टैकल कर 30 मिनट की समाप्ति तक हरियाणा को 28-25 से लीड पर बनाए रखा। ब्रेक के बाद संदीप ने एक औऱ सुपर रेड के साथ मुंबा को 31-30 से आगे कर दिया औऱ फिर मुंबा ने आलआउट लेकर 34-31 की लीड ले ली। फिर शिवम को लपक जफऱ ने लीड 4 की कर दी। विनय, जयदीप और मयंक ने फासला 1 का किया और फिर साहिल ने अनिल को लपक स्कोर बराबर कर दिया।

मुंबा के लिए सुपर टैकल आन था। शिवम रेड पर आए और सुनील ने उनका शिकार कर मुंबा को 2 अंक से आगे कर दिया। हालांकि मयंक ने परवेश का शिकार कर फासला 1 का कर दिया। इसके बाद साहिल ने संदीप को लपक मैच को टाईब्रेकर में पहुंचा दिया।

Next Post

जहर खाने से महिला की मौत

Mon Oct 20 , 2025
जबलपुर: सिहोरा थाना अंतर्गत खुड़ावल में जहर खाने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि श्रीमति प्रीति पटेल 27 वर्ष निवासी खुड़ावल थाना सिहोरा ने अज्ञात जहर का सेवन कर लिया जिसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिहोरा ले जाया गया जहां रविवार शाम श्रीमति प्रीति पटैल […]

You May Like