मुंबई, 04 मार्च (वार्ता) बहुचर्चित फ्रेंचाइज़ी भूल भुलैया 3 से जुड़ने के बाद अभिनेत्री रोज़ सरदाना अब अपने अगले रोमांचक प्रोजेक्ट की ओर बढ़ चुकी हैं। प्रतिभाशाली अभिनेत्री रोज़ सरदाना इन दिनों नासिक की खूबसूरत वादियों में जेसी लीवर के साथ शूटिंग कर रही हैं, और यह नई जोड़ी पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता जगा चुकी है। अपने भावपूर्ण अभिनय और सहज आकर्षण के लिए जानी जाने वाली रोज़ इंडस्ट्री में लगातार अपनी अलग पहचान बना रही हैं। नासिक का यह शेड्यूल प्रोजेक्ट का एक अहम हिस्सा बताया जा रहा है, जहाँ शहर की मनमोहक पृष्ठभूमि में कई महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग की जा रही है। हालांकि कहानी से जुड़ी जानकारी फिलहाल गुप्त रखी गई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार रोज़ इस प्रोजेक्ट में एक जीवंत और ऊर्जावान किरदार निभाती नजर आएंगी, जो उनके अभिनय के एक नए रंग को दर्शकों के सामने लाएगा।
अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए रोज़ ने कहा, “हर प्रोजेक्ट आपको कुछ नया सिखाता है, और यह प्रोजेक्ट मेरे लिए बहुत खास है। नासिक में शूटिंग करना बेहद खूबसूरत अनुभव रहा है. इस जगह की ऊर्जा सचमुच पर्दे पर दिखाई देती है। जेसी के साथ काम करना बहुत मज़ेदार रहा; हमारे दृश्यों में एक स्वाभाविक तालमेल है। मैं उत्साहित हूं कि दर्शक मेरा यह नया रूप देखें।” विविध और दिलचस्प प्रोजेक्ट्स की बढ़ती सूची के साथ रोज़ सरदाना अपने करियर में मजबूत कदम आगे बढ़ा रही हैं। बड़े बैनर से जुड़े प्रोजेक्ट्स और नए सहयोगों के बीच संतुलन बनाते हुए, वह अलग-अलग किरदारों और कहानियों को तलाशने के लिए प्रतिबद्ध नजर आती हैं और नासिक की यह शूटिंग उनके सफर का एक और प्रॉमिसिंग पड़ाव साबित हो सकती है।

