भाजपा का ममता पर चुनाव प्रक्रिया प्रभावित करने और मतदाताओं को धमकाने का आरोप, आयोग से शिकायत

भाजपा का ममता पर चुनाव प्रक्रिया प्रभावित करने और मतदाताओं को धमकाने का आरोप, आयोग से शिकायत

नयी दिल्ली, 30 मार्च (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को चुनाव आयोग से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया है। इस मुद्दे को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और किरेन रिजिजू के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज करायी।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, किरण रिजिजू और सुकांत मजूमदार के साथ-साथ अनिल बलूनी और पार्टी के कई नेता शामिल थे। नेताओं ने आयोग को एक ज्ञापन सौंपकर राज्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की। श्री रिजिजू ने मीडिया से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर लोगों के घरों में जाकर धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने प्रशासन और पुलिस की मदद से पूरे चुनाव को “हाईजैक” कर लिया है।

भाजपा नेताओं का दावा है कि पिछले चुनावों में भी सत्ताधारी दल ने दबाव और दादागिरी के जरिए जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इसे किसी भी तरह से प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए। भाजपा ने चुनाव आयोग से अपील की कि वह पश्चिम बंगाल के प्रशासन और पुलिस तंत्र को अपने नियंत्रण में लेकर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करे।

वहीं, भाजपा का यह भी दावा है कि राज्य में जनता तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ है और इसी वजह से सत्ताधारी दल घबराकर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। चुनाव आयोग ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।

Next Post

तृणमूल कांग्रेस नेता काज़ी अब्दुल रहीम कांग्रेस में हुए शामिल

Mon Mar 30 , 2026
नयी दिल्ली 30 मार्च (वार्ता) पश्चिम बंगाल की राजनीति में विधानसभा चुनावी सरगर्मियों के बीच बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक काज़ी अब्दुल रहीम ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी गुलाम अहमद मीर […]

You May Like