
भोपाल। राष्ट्रव्यापी आवाह्न के तहत भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले जिला भोपाल में कर्मचारियों ने जोरदार रैली निकालकर अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जिला भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारी, अधिकारी और श्रमिक शामिल हुए।
रैली के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता लागू करने, नवीन शिक्षक संवर्ग की सेवा गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से करने, नव नियुक्त कर्मचारियों की परिवीक्षा अवधि में 70, 80 और 90 प्रतिशत वेतन व्यवस्था समाप्त करने, अनुकंपा नियुक्ति, पदनाम परिवर्तन और पदोन्नति से संबंधित मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य, आयुष सहित 56 विभागों के कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को भी सूचीबद्ध किया गया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला व प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने मांगों के शीघ्र निराकरण की अपेक्षा जताई। अंत में जिला सचिव शिवेंद्र चौहान ने उपस्थित कर्मचारियों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए आंदोलन को आगे भी जारी रखने का संकेत दिया।
