भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के हाल ही में संपन्न हुए सत्र को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अत्यंत सफल और ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान सभी विषयों पर स्वस्थ, सकारात्मक और खुले माहौल में चर्चा हुई, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती मिली।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सत्र ने अपने सभी निर्धारित उद्देश्यों को सफलता के साथ पूरा किया और इस अवधि में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां दर्ज की गईं। उन्होंने कहा कि 13,000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पारित होना राज्य के विकास कार्यों को गति देगा।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सत्र के दौरान भोपाल में शिकारे का लोकार्पण किया गया, जो राज्य के पर्यटन विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही नगर पालिका अधिनियम में संशोधन भी पारित किया गया, जिससे नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली अधिक मजबूत और प्रभावी होगी।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार ने विपक्ष द्वारा उठाए गए सभी सवालों के तर्कसंगत और तथ्यात्मक जवाब दिए। उन्होंने यह भी बताया कि जहां सत्ता पक्ष ने सकारात्मक भूमिका निभाई, वहीं विपक्ष के नकारात्मक रुख का तथ्यात्मक जवाब भी दिया गया।
मुख्यमंत्री ने पुनः दोहराया कि सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य के संपूर्ण विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
