बुधनी। शाहगंज स्थित राज्य सहकारी विपणन संघ के खाद वितरण केंद्र पर शुक्रवार को किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से लगी लंबी कतारों में घंटों इंतजार के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल सकी. इससे नाराज किसानों ने विरोध जताया. बाद में पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण कराया गया.
किसानों ने बताया कि पिछले कई दिनों से यही स्थिति बनी हुई है. सुबह से लाइन में लगने के बावजूद कुछेक किसानों को खाद मिल रही है. किसानों का आरोप है कि वितरण केंद्र पर डीएपी उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें यूरिया अथवा अन्य उर्वरक लेने की सलाह दी जा रही है, जबकि वर्तमान समय में फसलों के लिए डीएपी की सबसे अधिक आवश्यकता है. जिला विपणन अधिकारी आरके उपाध्याय ने बताया कि डीएपी की सीमित आपूर्ति होने के कारण स्टॉक समाप्त हो गया है. नई खेप प्राप्त होते ही किसानों को प्राथमिकता के आधार पर डीएपी उपलब्ध कराया जाएगा. मांग बढऩे और सीमित उपलब्धता के कारण वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई है.
