
छिंदवाड़ा। कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात सावलेबाड़ी क्षेत्र में घर के सामने गाली-गलौज कर रहे युवकों को समझाइश देना एक होमगार्ड जवान को भारी पड़ गया। बीचबचाव करने के दौरान युवकों ने जवान पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर हालत होने के कारण नागपुर रेफर किया गया। जहां उसकी हालत स्थित बताई जा रही है। कोतवाली थाना निरीक्षक आशीष कुमार बुधवार की देर रात 11 से 11.30 के बीच तीन युवक तेज आवाज में गाली-गलौज कर रहे थे। घर के अंदर मौजूद राजकुमार ने उन्हें आवाज लगाकर गाली देने से मना किया। इसके बाद तीनों युवक आगे निकल गए। इसके बाद उनमें से दो युवक वापस पैदल लौटकर राजकुमार के घर के गेट के सामने आकर खड़े हो गए और दोबारा जोर-जोर से गाली देने लगे। शोर सुनकर जब तक राजकुमार घर से सामने आ गए। राजकुमार ने बाहर निकलकर उन्हें आवाज देकर वापस बुलाया। जैसे ही एक युवक पास आया, उसने हाथ में रखा चाकू सीधे राजकुमार के पेट में घोंप दिया। अचानक हुए हमले के बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। राजकुमार की चीख-पुकार सुनकर उनके परिजन और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। इस दौरान राजकुमार ने हमलावर को पकड़ रखा था, लेकिन रक्तस्राव होने के कारण हालत गंभीर हो गई। मौका पाकर आरोपी अपने आप को छुड़ाकर भाग निकला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 14 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों नीलेश ठाकरे, अतुल कुमरे और निकुंज यादव को हिरासत में ले लिया है।
