इंदौर:सांवेर पुलिस ने उज्जैन-इंदौर रोड पर अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है. भुट्टा चौराहे की सर्विस रोड पर घेराबंदी कर लोडिंग वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें 67 पेटियों में 603 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब मिली. शराब की कीमत 8 लाख 83 हजार 500 रुपए बताई गई है.पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोडिंग वाहन से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भुट्टा चौराहे की सर्विस रोड पर वाहन नम्बर एमपी 16 एल 1453 को रोककर तलाशी ली. वाहन में अलग-अलग ब्रांड की शराब भरी मिली.
मौके से पुलिस ने वाहन चालक मनोज पिता शंकरराव खेरकर निवासी माधवनगर, उज्जैन को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि लोडिंग वाहन उज्जैन निवासी मनीष राय ने उपलब्ध कराया था. पुलिस जांच में शराब की सप्लाई से जुड़े शराब दुकान के अज्ञात सेल्समैन की भूमिका भी सामने आई है. सांवेर पुलिस ने मनोज खेरकर के साथ मनीष राय और अज्ञात सेल्समैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.
