अलीगंज अग्निकांड: एसआईटी ने घटनास्थल पर की एक घंटे जांच, एफएसएल ने जुटाए नमूने

लखनऊ, 23 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अलीगंज अग्निकांड की जांच तेज गति से जारी है। मंगलवार को दो सदस्यीय एसआईटी ने घटनास्थल की पड़ताल की और केजीएमयू में भर्ती घायलों से मुलाकात की। एफएसएल की टीम ने भी मौके से अहम साक्ष्य जुटाए।

एसआईटी सदस्य एसीएस पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात और अपर महानिदेशक लखनऊ जोन प्रवीण कुमार सुबह घटनास्थल पहुंचे। यहां करीब एक घंटे तक पूरी बिल्डिंग का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अमृत अभिजात ने बताया, “घटनास्थल की विभिन्न प्रकार से फोटो ली गई हैं। साक्ष्य जुटाकर जांच को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है। घायलों से मिली जानकारी व साक्ष्य के आधार पर कई लोगों से पूछताछ होगी। अग्निकांड से संबंधित व्यक्तियों व विभागों से भी पूछताछ के बाद जांच रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा।”

एडीजी प्रवीण कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मलबा, जले हुए उपकरण और तार समेत अन्य नमूने एकत्र किए हैं। घटना से संबंधित हर विभाग के दायित्व को जांच दायरे में शामिल किया गया है। निर्धारित समय सीमा में जांच रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी।

घटनास्थल से निकलने के बाद एसआईटी ने केजीएमयू में भर्ती घायलों से भी मुलाकात की और घटना के संबंध में जानकारी ली। एफएसएल डायरेक्टर आदर्श कुमार और विशेषज्ञों की टीम ने भी मौके पर जांच की। गौरतलब है कि योगी ने हादसे की सूचना मिलते ही अलीगढ़ दौरा रद्द कर घटनास्थल का मुआयना किया था।

उन्होंने एसआईटी को सात दिन में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार और चार अधिकारी निलंबित हो चुके हैं। सोमवार को हुए हादसे में 15 लोगों की मौत हुई थी।

Next Post

भारत ने उभरते सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग बढाने का आह्वान किया

Tue Jun 23 , 2026
नयी दिल्ली 23 जून (वार्ता) राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने “गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों”, बढ़ते संघर्षों और उभरते सुरक्षा खतरों से निपटने में पारंपरिक वैश्विक संस्थानों की भूमिका को अपर्याप्त बताते हुए ब्रिक्स देशों के बीच अधिक सहयोग का आह्वान किया है। श्री डोभाल ने बुधवार को यहां 16 वीं […]

You May Like