नयी दिल्ली, 04 नवंबर (वार्ता) निसान मोटर इंडिया ने अपने ग्राहकों को मैग्नाइट और ग्रेवाइट के चुनिंदा संस्करणों पर सीएनजी रेट्रोफिटमेंट की सुविधा देने की घोषणा की है। यह ऑफर सीमित समय के लिए उपलब्ध होगा। मैग्नाइट के चुनिंदा संस्करणों पर सीएनजी रेट्रोफिटमेंट की लगात 74,999 रुपये और ग्रेवाइट पर 85,999 रुपये होगी।
कंपनी ने बुधवार को बताया कि सरकार द्वारा स्वीकृत इन रेट्रोफिटमेंट किट्स में स्टैंडर्ड वारंटी के साथ-साथ तीन साल या एक लाख किलोमीटर की तीसरे पक्ष की वारंटी भी मिलती है।
निसान ग्रेवाइट में इस सेगमेंट का पहला ‘स्मार्ट ट्विन-सिलेंडर सीएनजी समाधान’ (2 गुणा 25 लीटर) दिया गया है। इसे इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि गाड़ी की 7-सीटर क्षमता और रोजमर्रा के इस्तेमाल की सुविधा पूरी तरह बनी रहे। यह ऑफर 16 नवंबर 2026 तक उपलब्ध है। यह निसान मैग्नाइट के नॉन-टर्बो वेरिएंट्स (वीजिया एमटी, वीजिया ईज़ी-शिफ्ट और वीजिया प्लस एमटी को छोड़कर) और निसान ग्रेवाइट के टेक्ना संस्करणों पर लागू है।

