बमाको, 27 अप्रैल (वार्ता) माली के अधिकारियों ने जिहादी लड़ाकों और अलगाववादी विद्रोहियों के हमलों में देश के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा की हत्या की पुष्टि की है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि माली के रक्षा मंत्री एक व्यापक हमले में मारे गए। जिहादियों और विद्रोहियों ने कई शहरों और सैन्य ठिकानों पर हमला कर कब्जा कर लिया है। लंबे समय से अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े आतंकवादियों के साथ-साथ अलगाववादी विद्रोह का सामना कर सैन्य शासन वाले इस देश में हिंसा की यह ताजा घटना है।
माली के रक्षा मंत्रालय ने भी अपने फेसबुक पेज पर रक्षा प्रमुख जनरल सादियो कैमारा के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनकी हत्या की पुष्टि की है। साथ ही सरकारी टेलीविजन ने भी प्रवक्ता जनरल ईसा उस्मान कौलिबाली के हवाले से उनकी मृत्यु की घोषणा की है। माली की राजधानी बमाको सहित कई अन्य शहरों और कस्बों में शनिवार को सेना पर अब तक के सबसे बड़े समन्वित हमलों में से एक हुआ। इस हमले ने माली के सुरक्षा भागीदार रूस को भी चुनौती दी है, जिसकी सेनाएं इस पश्चिमी अफ्रीकी देश में जमीन पर तैनात हैं।

