वनांचल की बेटी रेवंती ने BHU में हासिल किया प्रवेश

बैहर,बिरसा वनांचल क्षेत्र में शिक्षा की नई मिसाल कायम कर रहे शासकीय मॉडल स्कूल बिरसा के विद्यार्थियों ने एक बार फिर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। विद्यालय की छात्रा रेवंती मरकाम ने CUET-UG 2026-27 परीक्षा उत्तीर्ण कर देश के प्रतिष्ठित बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी में स्नातक शिक्षा के लिए प्रवेश प्राप्त किया है। खास बात यह है कि लगातार चौथे वर्ष मॉडल स्कूल बिरसा के विद्यार्थी BHU में उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश पा रहे हैं।

दूरस्थ वनांचल और जनजातीय क्षेत्र से निकलकर विद्यार्थियों का देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय तक पहुंचना विद्यालय की शैक्षणिक यात्रा की उल्लेखनीय उपलब्धि बन गया है। रेवंती की सफलता ने न केवल विद्यालय परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति नई उम्मीद और उत्साह पैदा किया है।

सफलता को अगली पीढ़ी तक पहुंचा रहे पूर्व विद्यार्थी

मॉडल स्कूल बिरसा के पूर्व विद्यार्थी अपनी सफलता को केवल स्वयं तक सीमित नहीं रख रहे हैं। BHU सहित देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययनरत पूर्व छात्र अब विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए Mentor की भूमिका निभा रहे हैं। वे जूनियर्स को CUET की तैयारी, आवेदन प्रक्रिया, प्रवेश, काउंसलिंग, विषय चयन और विश्वविद्यालय से जुड़ी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध करा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया में व्यक्तिगत रूप से भी सहयोग दिया जा रहा है।

विद्यालय में विकसित हो रहा यह “Senior to Junior Mentoring” मॉडल अब उच्च शिक्षा की दिशा में विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। विद्यालय के लगभग एक दर्जन विद्यार्थी अब तक BHU में प्रवेश प्राप्त कर चुके हैं। इन पूर्व विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और सहयोग से जिले के 30 से अधिक छात्र-छात्राओं को BHU सहित प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों, CUET की तैयारी, प्रवेश प्रक्रिया और काउंसलिंग को लेकर मार्गदर्शन एवं व्यक्तिगत सहायता मिल चुकी है।

प्राचार्य की पहल भी बनी सफलता की मजबूत कड़ी

विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों तक पहुंचाने में विद्यालय के प्राचार्य सौरभ कुमार शर्मा की व्यक्तिगत पहल भी महत्वपूर्ण रही है। वे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने के साथ उनके अभिभावकों से भी संवाद करते हैं और उन्हें प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में प्रवेश के अवसरों तथा उच्च शिक्षा के महत्व की जानकारी देते हैं।

प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्राचार्य स्वयं विश्वविद्यालय पहुंचकर सहायता करते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष भी प्राचार्य श्री शर्मा छात्रा रेवंती मरकाम के साथ BHU पहुंचे और प्रवेश प्रक्रिया को पूरा कराने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

विद्यालय से विश्वविद्यालय तक तैयार हो रही नई राह

मॉडल स्कूल बिरसा में विद्यार्थियों को विद्यालयी शिक्षा के साथ-साथ उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए लगातार प्रेरित एवं मार्गदर्शित किया जा रहा है। विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और संस्थानों में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराने तथा सही समय पर सही दिशा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

विद्यालय की यह उपलब्धि केवल एक छात्रा के स्कूल से विश्वविद्यालय तक पहुंचने की कहानी नहीं है, बल्कि ऐसी शैक्षणिक परंपरा का उदाहरण है, जिसमें आज के विद्यार्थी कल के Mentor बनकर अगली पीढ़ी के लिए उच्च शिक्षा की राह तैयार कर रहे हैं।

रेवंती मरकाम के BHU में चयन से विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। शिक्षक जय प्रकाश यादव, राजेश धुर्वे, पूजा उइके, पुष्पेन्द्र पाल, कमल सिंह मेरावी, उम्मेद केलकर, डिलेश्वरी भगत, स्वाति ब्रम्हनोटे, सुरेश बघेल, फगनू सिंह सैयाम, शिवपाल टेम्भरे एवं आशीष तिल्लासी सहित समस्त विद्यालय परिवार ने रेवंती को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Next Post

सागर में पाथवे रिसॉर्ट पर चला बुलडोजर, सत्यम ढाबे की पार्किंग ध्वस्त और ईवी चार्जिंग स्टेशन सील

Sat Sep 12 , 2026
सागर। सागर जिले में मिलावटखोरी, अवैध कब्जों, भू-माफियाओं और अवैध शराब के विरुद्ध कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के सख्त रुख के बाद लगातार तीसरे दिन प्रशासनिक कार्रवाई जारी है। गत दिवस 5 प्रमुख होटल रिसॉर्ट और ढाबे को सील करने के बाद, आज जिला प्रशासन, पुलिस बल और राष्ट्रीय राजमार्ग […]

You May Like