भारत-अमेरिका ट्रेड डील से ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा विपरीत प्रभाव: ज्ञान सिंह

सीधी।जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने जवाहर कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील से मध्य प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गंभीर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 24 फरवरी 2026 को भोपाल में विधानसभा घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित किसान सम्मेलन में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की संभावना है।

ज्ञान सिंह ने कहा कि प्रस्तावित व्यापार समझौते में कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क में संभावित कमी से प्रदेश के कपास, सोयाबीन और मक्का उत्पादक किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है। अमेरिका में औसत कृषि जोत लगभग 170 हेक्टेयर है, जबकि भारत में यह 1 से 1.5 हेक्टेयर के बीच है। अमेरिकी किसानों को व्यापक सब्सिडी मिलती है, जबकि भारतीय किसान लागत वृद्धि, मौसमीय अनिश्चितता और बाजार संकट से जूझ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश देश का अग्रणी सोयाबीन उत्पादक राज्य है, जहां लगभग 50 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खेती होती है। यदि अमेरिकी सोयाबीन तेल या सोया खली का आयात बढ़ता है तो स्थानीय मंडियों में दाम गिर सकते हैं, जिससे किसानों और प्रसंस्करण उद्योग पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। इसी प्रकार अमेरिका विश्व का प्रमुख मक्का निर्यातक देश है। डिस्टिलर ड्राइड ग्रेन (DDGS) जैसे उत्पादों के आयात से पशु आहार बाजार प्रभावित होने और प्रदेश के मक्का किसानों को नुकसान होने की आशंका है।

कपास के संबंध में उन्होंने कहा कि आयात शुल्क में कमी होने पर अमेरिकी कपास के आयात से निमाड़ और मालवा क्षेत्र के किसानों की आय पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। प्रदेश कांग्रेस का मत है कि यह समझौता मंडी व्यवस्था और न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रणाली पर दबाव डालेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में नकदी संकट और रोजगार पर विपरीत असर पड़ेगा।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार के तीन मंत्रियों के इस्तीफे की भी मांग की।

कैलाश विजयवर्गीय से इंदौर के भागीरथपुरा दूषित जल प्रकरण में जवाबदेही तय करने की मांग की गई।

विजय शाह पर सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत बयान देने के आरोप लगाए गए।

राजेंद्र शुक्ला से स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मामलों और कथित जहरीले कफ सिरप प्रकरण में नैतिक जिम्मेदारी लेने की मांग की गई।

विधानसभा घेराव के माध्यम से कांग्रेस ने मांग की है कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर विस्तृत श्वेत पत्र जारी किया जाए, किसानों के हितों की संवैधानिक और नीतिगत सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, संबंधित मंत्रियों से नैतिक आधार पर इस्तीफा लिया जाए तथा किसानों के लिए मूल्य सुरक्षा और आय संरक्षण की ठोस व्यवस्था लागू की जाए। पत्रकार वार्ता के दौरान जिला संगठन महामंत्री ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री भी उपस्थित रहे।

Next Post

कठौहुता जंगल में हाथी की एंट्री, वन विभाग अलर्ट; सर्च ऑपरेशन तेज

Sat Feb 21 , 2026
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन विकासखंड अंतर्गत कठौहुता के जंगल में शनिवार को हाथी की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। सूचना मिलते ही विभागीय अमला मौके पर पहुंचा और सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। बताया गया कि सुबह जंगल क्षेत्र […]

You May Like