
जबलपुर। सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स और फॉलोअर्स बटोरने के लिए युवा अपनी और दूसरों की जान खतरे में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। विजयनगर थाना अंतर्गत जीरो डिग्री में कुछ युवकों ने चलती दो कार के दरवाजों से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट किए। युवकों की इस हुड़दंगबाजी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस को संज्ञान लेते हुए पुलिस ने एक्शन की तैयारी कर ली है।
क्या है वायरल वीडियेा में
कार क्रमांक एमपी 20 सीई 6620 और आगे चल रही सफेद रंग की कार का वीडियो वायरल हुआ जिसमें साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कारों के दोनों तरफ के दरवाजों की खिडक़ी से निकलकर युवक बाहर लटके हुए हैं।
सडक़ पर चलती अन्य गाडिय़ों के बीच इस तरह का जानलेवा स्टंट न सिर्फ कार सवार युवकों के लिए बल्कि राहगीरों के लिए भी बेहद खतरनाक साबित हो सकता था।
फुटेज के आधार पर चि िन्हत किए जा रहे हुड़दंगबाज-
वीडियो सामने आने के बाद ऐसे हुड़दंगियों पर पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि स्टंटबाजी का यह वीडियो उनके संज्ञान में आ चुका है। उन्होंने तुरंत थाना प्रभारी को इस पूरे मामले की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस वीडियो में दिख रही कार के रजिस्ट्रेशन नंबर और तकनीकी के आधार पर युवकों को चिन्हित करने में जुट गई है। जिनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
