
मंदसौर/सीतामऊ। घर से महज आधा किलोमीटर दूर निर्माणाधीन पुलिया पर शुक्रवार रात दर्दनाक हादसे में परमानंद गंभीर रूप से घायल हो गए। गरोठ से काम खत्म कर सीतामऊ लौटे परमानंद पैदल घर जा रहे थे। पुलिया के पास लगे बैरिकेड का सहारा लेते ही वह बैरिकेड समेत नीचे जा गिरे। नीचे पड़ा करीब साढ़े तीन फीट लंबा लोहे का सरिया आंख के पास से चेहरे में घुसकर कान के पीछे से आर-पार निकल गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। एंबुलेंस से उन्हें पहले सीतामऊ स्वास्थ्य केंद्र और बाद में मंदसौर जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए सरिया निकालने का प्रयास नहीं किया। सर्जिकल विशेषज्ञ डॉ. प्रीति मानावत सहित टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक उपचार किया, इसके बाद उन्हें विशेषज्ञ उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
21 साल के करियर में पहली बार देखा ऐसा मामला
डॉ. मानावत ने बताया कि करीब 21 साल के चिकित्सकीय करियर में उन्होंने इस तरह का मामला पहली बार देखा है। सरिया आंख के पास से घुसकर कान के पीछे से निकला है और वहां करीब 5 से 8 इंच लंबा गहरा घाव है। चेहरे की नसों और अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
निर्माणाधीन पुलिया पर लगाए गए बैरिकेड और खुले में पड़े सरिये ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहगीरों की सुरक्षा के लिए लगाया बैरिकेड ही हादसे की वजह बना और नीचे पड़ा सरिया जानलेवा साबित हुआ।
