भोपाल। राजधानी भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर मास्टर प्लान की मांग को लेकर कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया। मास्टर प्लान को जल्द लाने की मांग को लेकर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा 31 घंटे के उपवास पर बैठे। वहीं आज शनिवार को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने जूस पिलाकर उनका उपवास खत्म कराया।
प्रदर्शन के दौरान पटवारी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 20 साल से बीजेपी की सरकार है, लेकिन भोपाल को अब तक मास्टर प्लान नहीं मिला।
कांग्रेस ने सरकार को तीन महीने की मोहलत दी है। पटवारी ने चेतावनी दी कि अगर इस अवधि में मास्टर प्लान पर फैसला नहीं हुआ, तो कांग्रेस इंदौर से भोपाल तक पैदल मार्च करेगी।
वहीं, पीसी शर्मा ने कहा कि मास्टर प्लान नहीं आया तो कांग्रेस 50 हजार लोगों के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी। यानी भोपाल के मास्टर प्लान का मुद्दा अब आंदोलन से आगे बढ़कर बड़े राजनीतिक टकराव की ओर बढ़ता दिख रहा है।
