इंदौर: एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक मजदूर द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. परिजन उसे गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि 30 वर्षीय मृतक दीपक पिता भगवान दवाड़े निवासी गरीब नवाज कॉलोनी था. वह मजदूरी का काम करता था और अपने भाई नरेंद्र के साथ एक ही मकान में रहता था.
घटना के समय दीपक घर की ऊपरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में था, जहां उसने अज्ञात कारणों के चलते सल्फास की गोलियां खा लीं. कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं. यह देखकर भाई नरेंद्र और अन्य परिजन उसके पास पहुंचे. पूछताछ में दीपक ने जहरीला पदार्थ खाने की बात बताई. इसके बाद परिजन उसे तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दीपक के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं. मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.
