
सीधी । मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने रेनोवेशन के बाद कलेक्ट्रेट सभागार का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित प्रमुख योजनाओं और अभियानों की समीक्षा की तथा प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में विधायक सीधी रीती पाठक, विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान, जनपद अध्यक्ष मझौली सुनैना सिंह तथा नगर परिषद मझौली अध्यक्ष शंकर लाल गुप्ता सहित जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से परिणाम और अधिक प्रभावी होंगे।
मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के लिए विभागवार एवं तिथिवार कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं तथा युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होने वाले शिविरों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए। शिविरों में आमजन की समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण हो और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन योजना की समीक्षा-
स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह ग्रामीण आबादी भूमि के भू-स्वामियों को उनके अधिकार का प्रमाण उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। प्रदेश में 68 लाख 97 हजार भू-स्वामियों को निःशुल्क पंजीयन प्रमाण पत्र दिए जाने हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सीधी जिले में भी कोई पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ बिजली, इंटरनेट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि पटवारी एवं भू-स्वामी द्वारा सारा ऐप पर भू-अधिकार पत्र एवं ई-केवाईसी की जानकारी दर्ज करने में आवश्यक सहयोग दिया जाए तथा नायब तहसीलदार एवं तहसीलदार ऑनलाइन सत्यापन की प्रक्रिया समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने शिविर समाप्त होने के सात दिवस के भीतर पंजीयन प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा। आपदा राहत वितरण की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने प्रभावित लोगों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराने और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सबसे महत्वपूर्ण है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता विकास के साथ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। अधिकारियों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा मैदानी स्तर पर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक गतिविधि से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने तथा हितलाभ वितरण के कार्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने योजनाओं एवं अभियान के प्रगति से कराया अवगत-
कलेक्टर विकास मिश्रा ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बैठक में विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों की प्रगति और जिले में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन योजना के अंतर्गत जिले की 383 ग्राम पंचायतों के 7424 हितग्राही लाभान्वित होंगे। तहसीलवार कुसमी के 24 ग्रामों में 146, गोपद बनास के 82 ग्रामों में 1114, चुरहट के 43 ग्रामों में 1179, बहरी के 44 ग्रामों में 476, मझौली के 30 ग्रामों में 351, मड़वास के 34 ग्रामों में 228, रामपुर नैकिन के 79 ग्रामों में 3024 तथा सिहावल के 47 ग्रामों में 906 हितग्राही शामिल हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं आपदा राहत वितरण सहित अन्य योजनाओं की प्रगति से भी अवगत कराया। बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, वनमण्डलाधिकारी प्रीती अहिरवार, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
