जयपुर, 11 सितंबर (वार्ता) राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव में दूसरे एवं अंतिम चरण में 147 निकायों के चुनाव में शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गया जिसमें 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान करने के आखिरी समय छह बजे तक 70.01 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। शाम छह बजे तक मतदान केन्द्र पहुंच गये मतदाताओं का मतदान छह बजे बाद तक भी जारी रहा और मतदान प्रतिशत में वृद्धि होने की संभावना हैं।
इस दौरान इन निकायों के कुल 87 लाख 63 हजार 595 मतदाताओं में 61 लाख 35 हजार 153 मतदाताओं ने अपने वोट डाले। इस दौरान सर्वाधिक 91.59 प्रतिशत मतदान बालोतरा जिले में धोरीमन्ना नगरपालिका चुनाव में हुआ जबकि कोटा नगर निगम चुनाव में सबसे कम 57.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस दौरान जोधपुर नगर निगम में 71.10, पाली नगर निगम में 70.94, अजमेर नगर निगम में 63.65, जयपुर नगर निगम में 62.88, एवं उदयपुर नगर निगम में 67.26 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मतदान सुबह सात बजे शांतिपूर्वक शुरु हुआ और पहले तीन घंटे में सुबह दस बजे तक 20.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद पूर्वाह्न एक बजे तक 44.90 प्रतिशत एवं पूर्वाह्न तीन बजे तक 57.38 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
इस दौरान इन निकायों में शांतिपूर्वक मतदान रहा और छिटपुट घटनाओं को छोड़कर कहीं से काेई अप्रिय खबर नहीं मिली। दूसरे चरण में 147 नगर निकायों में छह नगर निगम, 20 नगर परिषद और 121 नगर पालिकाओं के लिए नौ हजार 758 मतदान बूथों पर सायं छह बजे तक मतदान हुआ। इन निकायों में 40 नवगठित नगर निकाय भी शामिल थी जिनमें पहली बार चुनाव हुआ हैं।
मतदान सम्पन्न होने के बाद इन निकायों में 18 हजार 266 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद हो गयी जो मतगणना 14 सितंबर को खुलेगी जबकि 45 वार्डों में सदस्यों का चुनाव निर्विरोध रुप से हुआ।
