
ग्वालियर। तिघरा बांध के बढ़ते जलस्तर एवं मौसम विभाग द्वारा जारी भारी वर्षा की चेतावनी को दृष्टिगत रखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा आज शुक्रवार देर शाम तिघरा बांध के तीन गेट खोले गए। तीनों गेटों को 9-9 इंच खोलकर करीब 1040 क्यूसेक अतिरिक्त जल की निकासी सांक नदी में की गई।
शुक्रवार सुबह 8 बजे तिघरा बांध का जलस्तर 739.40 फीट था। दिन में तिघरा के कैचमेंट क्षेत्र में हुई वर्षा के कारण बांध के जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने लगी। बढ़ते जलस्तर एवं संभावित वर्षा को देखते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा दोपहर लगभग 1:30 बजे गेट खोले जाने की सूचना जारी कर दी गई थी। शाम 5 बजे तक बांध का जलस्तर 739.50 फीट से अधिक हो गया। इसके बाद जलस्तर में लगातार वृद्धि तथा भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए देर शाम गेट खोलने का निर्णय लिया गया।
गेट खोले जाने के दौरान महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार ने तिघरा बांध पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से बांध के जलस्तर एवं जल निकासी की जानकारी ली। उन्होंने जल निकासी के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मेयर-इन-काउंसिल सदस्य विनोद यादव माठू, प्रेमलता धर्मेंद्र जैन, नाथूराम ठेकेदार, संध्या कुशवाह एवं मोनिका शर्मा, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण यंत्री राजेश चतुर्वेदी, अनुविभागीय अधिकारी वीरेंद्र यादव एवं मयंक कटारे तथा नगर निगम के कार्यपालन यंत्री शिशिर श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
