
सिंगरौली । नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 41 गनियारी के चौरा टोला सड़क मार्ग बदसूरत हो गई है। आलम यह है कि सड़क में खाईनुमा गड्ढों में बाईक से भी चलना मुश्किल हो रहा है।
ननि के वार्ड क्रमांक 41 गनियारी अंतर्गत वृंदावन तिराहा के समीप से लेकर चौरा टोला डीह बाबा मार्ग करीब 400 मीटर सड़क के कचूमर निकल आया है। आलम यह है कि इस 400 मीटर लम्बी दूरी सड़क में एक नही दर्जनों की संख्या में खाईनुमा गड्ढों के चलते रात के समय स्कूटी एवं मोटरसाइकिल सवार चालको को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। हालात यह हैं कि सड़क में हिचकोले गड्ढों में आये दिन दो चक्का वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त भी हो रहे हैं। यह समस्या पिछले करीब चार महीने से है। यहां बताते चले कि करीब चार वर्ष पूर्व उक्त सड़क का डामरीकरण कार्य कराया गया था, किंतु गुणवत्ता विहीन कार्य के चन्द दिनों में ही सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। तत्कालीन निगमायुक्त आरपी सिंह ने सड़क का मुआयना कर संविदाकारों को कड़ी फटकार लगाते हुये सड़क को सुधारने के लिए निर्देशित किया था और इसका मरम्मत कराने को भी कहा था, जहां संविदाकार ने सड़क का मरम्मत किया था, लेकिन धीरे-धीरे सड़क क्षतिग्रस्त होने लगी और अब सड़क मार्ग बदहाल हो चुकी है। यहां के रहवासी नवल सिंह का कहना है कि सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। रात के समय सड़क पर बाईक से चलना मुश्किल हो जाता है। वहीं सनोज नाई का कहना है कि सड़क में इतने गड्ढे हो गएं हैं कि रात के समय कई बार दुर्घटनाग्रस्त होने से बचा हूॅ। धनुकधारी सिंह ने भी जर्जर सड़क पर चिंता जाहिर करते हुये कहा है कि गड्ढे इतने बड़े-बड़े हैं कि रात के समय जब पानी भरा रहता है तो गिरने का भी खतरा बना रहता है। रहवासियों ने इस ओर निगमायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया है।
