क्रिकेट की नई महाशक्ति है भारत

रविवार को खेले गए टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड पर 96 रनों की शानदार जीत के साथ भारत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह अब केवल क्रिकेट खेलने वाला देश नहीं, बल्कि क्रिकेट की नई वैश्विक महाशक्ति बन चुका है. यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी का इजाफा नहीं है, बल्कि पिछले चार दशकों में भारतीय क्रिकेट के निरंतर विकास, आत्मविश्वास और संस्थागत मजबूती का प्रतीक है.

भारतीय क्रिकेट टीम का यह पांचवां बड़ा अंतरराष्ट्रीय खिताब है. इससे पहले भारत 1983 और 2011 में एकदिवसीय विश्व कप जीत चुका है, जबकि 2007, 2024 और अब 2026 में टी-20 विश्व कप अपने नाम कर चुका है. इन उपलब्धियों ने भारत को क्रिकेट के इतिहास में एक ऐसी स्थिति में ला खड़ा किया है, जहां उसकी तुलना अब केवल महान टीमों से नहीं बल्कि एक स्थायी शक्ति के रूप में की जाती है.

दरअसल भारतीय क्रिकेट की यह सफलता अचानक नहीं आई है. इसके पीछे वर्षों की संस्थागत तैयारी, मजबूत घरेलू ढांचा, और प्रतिभाओं को पहचानने की व्यापक प्रणाली काम कर रही है. एक समय था जब भारतीय टीम मुख्यत: महानगरों और बड़े शहरों के खिलाडिय़ों पर निर्भर रहती थी. लेकिन आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है. छोटे शहरों और गांवों से आने वाले खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं. झारखंड, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों से लगातार नए सितारे उभर रहे हैं. यह भारतीय क्रिकेट के लोकतंत्रीकरण का संकेत है.

भारतीय क्रिकेट की इस ताकत के पीछे सबसे बड़ी भूमिका इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल की भी रही है. आईपीएल केवल एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा खेल आयोजन बन चुका है. इस लीग ने भारतीय खिलाडिय़ों को वैश्विक स्तर के खिलाडिय़ों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर दिया है. इसके साथ ही इसने क्रिकेट को एक विशाल उद्योग में भी बदल दिया है.

क्रिकेट से जुड़े प्रसारण अधिकार, विज्ञापन, फ्रेंचाइजी निवेश और खेल प्रबंधन के कारण आज लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल रहा है. होटल उद्योग, पर्यटन, परिवहन और मनोरंजन क्षेत्र को भी इससे बड़ा आर्थिक लाभ होता है. आईपीएल के दौरान देश के कई शहरों में पर्यटन गतिविधियां तेजी से बढ़ जाती हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है.

आज स्थिति यह है कि वैश्विक क्रिकेट प्रशासन में भी भारत की भूमिका निर्णायक बन चुकी है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई आर्थिक रूप से दुनिया का सबसे शक्तिशाली क्रिकेट बोर्ड है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद में उसकी आवाज को विशेष महत्व दिया जाता है. कई बड़े वैश्विक टूर्नामेंट भारत की भागीदारी और बाजार के बिना सफल नहीं माने जाते.

हालांकि इस सफलता के साथ जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी है. भारत को यह सुनिश्चित करना होगा कि क्रिकेट का विकास केवल आर्थिक ताकत तक सीमित न रहे, बल्कि खेल की गुणवत्ता, बुनियादी ढांचे और जमीनी स्तर पर प्रतिभा के विकास पर भी लगातार ध्यान दिया जाए.

निस्संदेह आज भारत क्रिकेट की नई महाशक्ति है. लेकिन इस शक्ति को स्थायी बनाने के लिए खेल भावना, संस्थागत पारदर्शिता और प्रतिभा के निरंतर पोषण की आवश्यकता हमेशा बनी रहेगी. यही वह रास्ता है जो भारतीय क्रिकेट को आने वाले दशकों तक विश्व क्रिकेट के शिखर पर बनाए रख सकता है.

 

 

 

Next Post

सादगी और सेवा: कुष्ठ आश्रम में मनाया जाएगा पूर्व मंत्री पटेल का जन्मदिन

Tue Mar 10 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री तथा लोधी समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के अनुज जालम सिंह पटेल का जन्मदिन इस वर्ष भी सादगी और सेवा भाव के साथ मनाया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी उनका जन्मदिन गांधी नगर स्थित महात्मा गांधी […]

You May Like