मुंबई, 03 जून (वार्ता) सोनी सब का शो यादें में नया और रोमांचक मोड़ आने वाला है, जहां अभिनेता कृष्णा भारद्वाज की एंट्री एक बेहद रहस्यमय किरदार के रूप में होने जा रही है। कहानी में कृष्णा भारद्वाज सतेन्द्र तिवारी (सत्तू) के किरदार में नजर आएंगे, जिसकी स्थिति ने डॉक्टरों और परिवार दोनों को उलझन में डाल दिया है। मामले में दावा किया जाता है कि सत्तू अपनी मृत पत्नी की आत्मा के साये से प्रभावित है, जिससे पूरा केस और भी रहस्यमय हो जाता है।
शो में डॉ. देव मेहता की भूमिका निभा रहे इक़बाल खान और उनकी टीम इस असामान्य केस की सच्चाई का पता लगाने में जुट जाती है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, हर नया सुराग कहानी को और जटिल बनाता जाता है। कृष्णा भारद्वाज ने अपनी एंट्री को लेकर कहा कि यह किरदार उनके अब तक के रोल्स से बिल्कुल अलग है। उन्होंने बताया कि इस किरदार की सबसे बड़ी चुनौती सत्तू और उसकी पत्नी दोनों की भावनात्मक स्थिति को निभाना है, जिससे यह अनुभव उनके लिए बेहद खास बन गया।उन्होंने कहा कि यह कहानी रहस्य, इमोशन और अनपेक्षित ट्विस्ट्स से भरी हुई है, जो दर्शकों को लगातार बांधे रखेगी। यादें का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सोनी सब पर किया जाता है।

