
छिंदवाड़ा. तलवार से केक काटकर जन्मदिन मनाना दो युवकों को उस समय महंगा पड़ गया जब उनका यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे के द्वारा अवैध धंधों में लिप्त व्यक्तियों एवं शहर की शांति व्यवस्था खराब करने वाले व्यक्तयों के विरुद्ध कडाई से कार्यवाही कर उनके द्वारा किये जा रहे अपराधों का संज्ञान लेकर कार्यवाही करने के संबंध में निर्देश प्राप्त हुए हैं. इसी तारतम्य में महुआ टोला के कुछ युवकों द्वारा 26 मई को सार्वजनिक स्थान में जन्म दिन मनाते हुए तलवार से केक काटकर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किए थे। जिसका संज्ञान लेते हुए देहात पुलिस ने स्थानीय मुखबिरों की मदद से पहले उन लडकों को चिन्हित कर महुआ टोला निवासी आशीष पिता संतोष यादव 24 साल एवं कुकडाजगत निवासी आकाश बैस पिता बवन सिंह बैस उम्र 22 साल को गिरफ्तार कर उनके पास से दो तलवार जब्त कर दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की कार्रवाई की गई है। साथ ही उक्त दिनांक को पार्टी में सम्मिलित अन्य युवकों की तलाश की जा रही है।
