मुंबई |बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने सपनों की नगरी मुंबई में अपने 45 साल के सफर को याद करते हुए एक भावुक वीडियो साझा किया है। 3 जून 1981 को बेहद साधारण पृष्ठभूमि से मुंबई पहुंचे खेर ने शहर को नमन करते हुए कहा कि इस शहर ने शिमला के एक लड़के को न केवल अपनाया, बल्कि उसे गढ़ने का काम किया है। उन्होंने मुंबई को दुनिया का सबसे बड़ा और उदार दिल वाला शहर बताया।
संघर्ष और सफलता की सीख
वीडियो में अभिनेता ने उन शुरुआती दिनों को याद किया जब उनकी जेब में पैसे तो कम थे, लेकिन आंखों में बड़े सपने थे। उन्होंने कहा कि मुंबई ने उन्हें संघर्ष और असफलताएं दीं, जिसने उन्हें मजबूत बनाया, और सफलता के साथ विनम्रता का पाठ भी पढ़ाया। अनुपम ने मुंबई की लोकल ट्रेनों और यहां की सड़कों को अपना गुरु बताया, जहाँ उन्होंने आम आदमी के धैर्य और इंसानी जज्बातों को गहराई से समझना सीखा है।
फिल्म इंडस्ट्री और शहर का सम्मान
अनुपम खेर ने मुंबई फिल्म इंडस्ट्री का धन्यवाद करते हुए मुख्य रूप से उस शहर को सलाम किया जिसने उन्हें सपने देखने की हिम्मत दी। उन्होंने मां मुंबा देवी के प्रति भी आभार व्यक्त किया। आज 45 साल बाद भी अनुपम इस शहर से लगातार नई सीख ले रहे हैं और वे मानते हैं कि यह शहर हर उस व्यक्ति को अपनी बाहों में भर लेता है जो यहां उम्मीदें लेकर आता है।

