हरिद्वार,10 अप्रैल (वार्ता) उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने गुरुवार देर रात को व्यापक अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले 55 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार थाना अध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर सिडकुल क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे, ढाबों, होटल एवं शराब की दुकानों के आसपास खुलेआम शराब पीकर उत्पात मचा रहे लोगों को मौके पर ही दबोच लिया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय बाहर निकलने वाली महिलाओं पर शराबियों द्वारा अभद्र टिप्पणी और फब्तियां कसने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने यह सख्त अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए सभी व्यक्तियों को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब न पीने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
