इंदौर: परदेशीपुरा थाना पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए 24 घंटे में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात का मास्टरमाइंड फरियादी का सगा भतीजा निकला, जिसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर सगे चाचा के घर से करीब 13 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 47 हजार रुपये नकद चुरा लिए थे। नकदी रकम आरोपियों ने शराब पार्टी में उड़ा दी थी।
घटना 24 अक्टूबर की है, जब फरियादिया जयश्री अपने परिवार के साथ जलगांव (महाराष्ट्र) स्थित सप्तश्रृंगी देवी मंदिर दर्शन के लिए गई थीं। घर लौटने पर उन्होंने अलमारी का लॉकर टूटा और गहने व नकदी गायब पाई। सूचना पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की।थाना प्रभारी आर.डी. कानवा की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से फरियादी के भतीजे आतिश खोपड़े को हिरासत में लिया।
पूछताछ में उसने अपराध कबूल किया और बताया कि उसने अपने दोस्तों रोहित देवड़ा और कार्तिक प्रजापत के साथ मिलकर चोरी को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों से करीब 13 लाख रुपये के गहने बरामद कर लिए हैं।आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है, जिसमें अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।
