शिवपुरी: कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई सड़क गांव में गणेश विसर्जन का जुलूस हिंसक हो गया। गांव में रावत समाज सहित सर्व समाज ने गणेश प्रतिमा बैठाई थी और धूमधाम से झांकियों व डीजे के साथ जुलूस निकाला जा रहा था। आरोप है कि यादव पक्ष के लोगों ने जुलूस पर पथराव कर दिया। पथराव से भगदड़ मच गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और तोड़फोड़ हुई। डीजे की बोलेरो पिकअप का कांच और हेडलाइट फोड़ दी गई, वहीं लैपटॉप पटककर नुकसान पहुंचाया गया। घटना में दोनों ओर से कई लोग घायल हुए हैं।
फरियादी अजय रावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बॉबी यादव, शिवराज यादव, गणेश यादव और योगेंद्र यादव ने गालियां दीं। मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। वहीं दूसरी ओर फरियादी बॉबी यादव ने भी एफआईआर दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया कि संजय रावत ने गालियां दीं और गिरेबान पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
