भोपाल। राजधानी में साइबर ठगों का नया हथकंडा सामने आया है। अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में ठगों ने खुद को बिहार पुलिस का डीजीपी बताकर एक व्यक्ति से 34 हजार 500 रुपये ठग लिए।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित आनंद कुमार को फोन कर कहा गया कि उनके मोबाइल नंबर से अश्लील वीडियो देखे गए हैं और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होने वाली है। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मामले को रफा-दफा करने के नाम पर पैसे मांगे गए। रकम मिलने के बाद भी ठग लगातार और पैसे की मांग करता रहा।
जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, इसी इलाके के चार अन्य लोग भी अलग-अलग साइबर ठगी का शिकार हुए हैं। सभी मामलों की जांच जारी है।
याद रखें… कोई भी पुलिस अधिकारी फोन पर पैसे नहीं मांगता। ऐसे कॉल आते ही घबराएं नहीं, कॉल काटें और तुरंत 1930 या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें।
