
रायसेन।अगर किसी ने बिना इजाजत के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्मारकों के ऊपर ड्रोन कैमरा उड़ाया तो उनकी अब खैर नहीं।
रायसेन जिले के विश्व प्रसिद्ध बौद्ध स्तूप सांची,भीम बैठिका तथा भोजपुर शिव मंदिर में अब ड्रोन संचालन पर लगाया प्रतिबंध।लोक हित में तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की दृष्टि से कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशानुसार जिला पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे के प्रतिवेदन पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 में प्रदत्त अधिकारों के तहत ड्रोन अधिनियम 2021 के अंतर्गत बौद्ध स्तूप सांची, भीम बैठिका तथा भोजपुर शिव मंदिर को रेड फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इन संवेदनशील स्थलों में बिना विहित प्राधिकारी उपखण्ड मजिस्ट्रेट की अनुमति के ड्रोन संचालन प्रतिबंधित किया गया है।अगर कोई व्यक्ति इन निर्धारित स्थलों में ड्रोन का संचालन करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 एवं अन्य सुसंगत प्रावधानों के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।
