जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंजा नगर, भव्य रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

गुना। रविवार को गुना शहर धर्ममय वातावरण से सराबोर हो उठा जब अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वाधान में भगवान श्री जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा जी की भव्य रथयात्रा नगर में निकाली गई। रिमझिम बारिश की फुहारों के बीच भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालु भजनों पर झूमते, नाचते, हरिनाम संकीर्तन करते हुए रथयात्रा में शामिल हुए और जय जगन्नाथ के जयकारों से पूरे नगर को गुंजायमान कर दिया। यह पावन यात्रा शहर के जज्जी बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल से प्रारंभ हुई और नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों से होते हुए गायत्री मंदिर के पास स्थित गार्डन तक पहुंचकर संपन्न हुई। रथ उज्जैन से विशेष रूप से मंगवाया गया था, जिसमें भगवान श्री जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा जी की अलौकिक प्रतिमाएं पूरे वैदिक विधि-विधान से विराजित की गईं। रथयात्रा से पूर्व इन प्रतिमाओं का भव्य अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की गई।

श्रद्धालुओं के बीच भगवान के रथ की रस्सी पकडऩे और उसे खींचने की होड़ मची रही। कई रसिकजन रथ के आगे झाड़ू लगाते हुए चलते नजर आए, जो इस परंपरा की विशेष भक्ति भावना को दर्शाता है। श्रद्धा और भक्ति की इस यात्रा में छोटे-बड़े, युवा-वृद्ध, महिलाएं और बच्चे भी उत्साह से शामिल हुए। भगवान के दिव्य शृंगार के दर्शन पाकर हर कोई भावविभोर हो उठा। रथयात्रा के मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया गया। नगर के प्रमुख समाजसेवी और जनप्रतिनिधियों ने भी रथयात्रा में सहभागिता की। मानस भवन समिति के बाहर भगवान जगन्नाथ की आरती कर नगर के गणमान्य नागरिकों ने रथ को खींचने का सौभाग्य प्राप्त किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, मीडिया प्रभारी विकास जैन, मानस भवन समिति सचिव सुनील अग्रवाल, निकुंज जैन, दिनेश शर्मा, घनश्याम तायल सहित अनेक श्रद्धालुओं ने श्रद्धा से अपनी सहभागिता निभाई। रथयात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं की सेवा के लिए नगर के सेवादारों ने जगह-जगह शरबत, पानी, बिस्किट, चिप्स आदि की व्यवस्था की थी। साथ ही रथयात्रा के समापन पर लगभग 5 हजार श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया। भगवान के प्रसाद को पाने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता रही।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा, जिससे रथयात्रा शांतिपूर्वक और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी। गुना नगर की यह रथयात्रा न केवल भक्ति का एक अनुपम दृश्य रही, बल्कि यह भगवान श्री जगन्नाथ की महिमा का जीवंत प्रमाण बन गई। पूरा नगर मानो श्रीहरि के चरणों में समर्पित हो गया हो।

Next Post

भोपाल से अमरनाथ यात्रा के लिए पहला जत्था रवाना

Sun Jun 29 , 2025
भोपाल। राजधानी भोपाल से आज अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना हुआ। वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के तहत श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली। हर कोई बम-बम भोले के जयकारों के साथ यात्रा के लिए तैयार दिखा। यात्रियों को रवाना […]

You May Like