
भोपाल। राजधानी भोपाल से आज अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना हुआ। वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के तहत श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली।
हर कोई बम-बम भोले के जयकारों के साथ यात्रा के लिए तैयार दिखा।
यात्रियों को रवाना करने से पहले पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भोपाल और आस-पास के विभिन्न इलाकों से आए श्रद्धालुओं ने यात्रा को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है।
मेडिकल चेकअप के बाद सभी यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस वर्ष भोपाल से करीब 1,000 से अधिक श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा पर जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि अमरनाथ यात्रा हर वर्ष जून-जुलाई के महीनों में होती है और लाखों श्रद्धालु बर्फ से ढके भगवान शिव के पवित्र गुफा दर्शन के लिए जम्मू-कश्मीर जाते हैं।
