सऊदी अरब की रक्षा के लिए ‘उपलब्ध सभी साधनों’ का इस्तेमाल करेगा पाकिस्तान

रोम, 30 सितंबर (वार्ता) ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के बढ़ते हमलों के बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने सऊदी अरब को सीधा सैन्य समर्थन देने का घोषणा करते हुए कहा है कि इस्लामाबाद सऊदी अरब की रक्षा और सुरक्षा के लिए “उपलब्ध सभी साधनों” का उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इटली की राजधानी रोम में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए श्री आसिफ ने हाल ही में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच हुए ऐतिहासिक त्रिपक्षीय मक्का रक्षा समझौते का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस समझौते के तहत सऊदी अरब की रक्षा करने के लिए पूरी तरह बाध्य है। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि क्या पाकिस्तानी सेना यमन में हूतियों के खिलाफ सीधे हवाई हमलों में भाग लेगी या सऊदी अरब ने औपचारिक रूप से सैन्य सहायता का अनुरोध किया है, लेकिन उन्होंने रुख साफ करते हुए कहा कि सऊदी अरब का कोई भी दुश्मन पाकिस्तान का दुश्मन माना जाएगा।

पाकिस्तानी सैन्य नेतृत्व ने भी इस संबंध में अपना कड़ा रुख दोहराया है। सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान “शर्तहीन” रूप से सऊदी अरब के साथ खड़ा है और उसकी सहायता के लिए अपनी शक्ति में सब कुछ करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान कूटनीतिक और भौतिक दोनों स्तरों पर सऊदी अरब का समर्थन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार है। यह बयान सऊदी अरब में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के सेना प्रमुखों की सुरक्षा स्थिति पर हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद सामने आया है।

रक्षा मंत्री आसिफ के अनुसार, हूतियों ने सऊदी अरब पर मिसाइल और ड्रोन हमलों को तेज कर दिया है और लाल सागर तट पर अपना नियंत्रण बढ़ा लिया है। विद्रोहियों ने रणनीतिक बंदरगाह शहर मोखा और कई द्वीपों पर कब्जा कर लिया है, जिससे वैश्विक व्यापार मार्ग बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य पर खतरा उत्पन्न हो गया है। मक्का समझौते के तहत परमाणु शक्ति संपन्न पाकिस्तान, नाटो सदस्य तुर्की और सऊदी अरब एक सामूहिक सुरक्षा तंत्र के तहत एकजुट हुए हैं।

Next Post

सेवानिवृत्त हुये 5 अधिकारियों, कर्मचारियों को दी विदाई

Wed Sep 30 , 2026
जबलपुर। पुलिस कन्ट्रोलरूम में बुधवार शाम 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर सेवानिवृत्त हुए पांच अधिकारियों, कर्मचारियों को विदाई दी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ आयुष जाखड़ द्वारा रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य की उपस्थिति में सुखद स्वस्थ एवं दीर्घायु की कामना करते हुये स्मृति चिन्ह के साथ […]

You May Like