जबलपुर: सेठ गोविंद दास जिला चिकित्सालय में शनिवार को प्रदेश की पहली अत्याधुनिक ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी (OCT) मशीन की स्थापना की गई। लगभग 70 लाख रुपए की लागत वाली इस मशीन का लोकार्पण उत्तर-मध्य क्षेत्र विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी, और नेत्र रोग विभाग प्रभारी डॉ. तरुण अहरवाल सहित कई विशेषज्ञ मौजूद रहे।
यह मशीन रेटिना से जुड़ी जटिल बीमारियों जैसे मधुमेह जनित रेटिनोपैथी, परदे में सूजन या छेद तथा कांचियाबिंद की सटीक जांच में सहायक होगी। पूर्व में ऐसे मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाता था, लेकिन अब उन्हें जिला अस्पताल में ही उन्नत जांच सुविधा मिल सकेगी। डॉ. अहरवाल ने बताया कि प्रतिदिन 4-5 मरीजों को ओसीटी जांच की जरूरत होती है। इस मशीन से आप्थाल्मालॉजी डिप्लोमा कोर्स के छात्रों को भी प्रायोगिक प्रशिक्षण मिलेगा।इस उपलब्धि को लेकर विधायक पाण्डेय ने जिलेवासियों को बधाई दी और नेत्र रोगियों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सा स्टाफ व गणमान्यजन उपस्थित रहे।
