पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में एमपी के 40 आईएएस अधिकारी बने प्रेक्षक, विभागीय काम होगा प्रभावित

भोपाल। देश के विभिन्न राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र मध्य प्रदेश कैडर के 40 आईएएस अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने इन अधिकारियों को अलग-अलग राज्यों में ऑब्जर्वर के रूप में नियुक्त किया है, जहां वे चुनावी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

चुनाव आयोग द्वारा की जा रही तैयारियों के तहत अनुभवी और वरिष्ठ अधिकारियों को यह दायित्व दिया गया है, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। इन अधिकारियों की भूमिका चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा करना, प्रशासनिक गतिविधियों पर नजर रखना और सुचारु मतदान सुनिश्चित करना होगी।

सूत्रों के मुताबिक, सूची जारी होने के बाद कुछ अधिकारियों ने अपनी ड्यूटी से छूट पाने के प्रयास भी शुरू कर दिए हैं, हालांकि इस पर अंतिम फैसला निर्वाचन आयोग ही करेगा।

इधर, इन अधिकारियों की तैनाती से प्रदेश के कई अहम विभागों के कामकाज पर अस्थायी प्रभाव पड़ने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि इनमें से कई अधिकारी महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं।

जिन राज्यों में इन अधिकारियों को तैनात किया गया है, उनमें पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और असम शामिल हैं। प्रशासनिक निगरानी को मजबूत बनाने के लिए इन राज्यों में अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

मध्य प्रदेश से जिन प्रमुख अधिकारियों को यह जिम्मेदारी मिली है, उनमें संदीप यादव, जॉन किंग्सले, श्रीमन शुक्ला, स्वतंत्र कुमार सिंह, शिल्पा गुप्ता, सिबी चक्रवर्ती, अजय कटेसरिया, निधि निवेदिता, रोहित सिंह और अनुराग वर्मा प्रमुख हैं।

Next Post

मिष्ठान भंडार में चोरी

Wed Mar 18 , 2026
जबलपुर। गढ़ा अंतर्गत पिसनहारी की मढ़िया स्थित प्रसिद्ध बड़कुल मिष्ठान भंडार में बीती रात एक अज्ञात युवक ने शटर उठाकर गल्ले से नकदी पार कर दी। घटना की जानकारी आज सुबह तब लगी जब दुकान के मैनेजर काम पर पहुँचे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छोटा जैन मंदिर पुरवा […]

You May Like

Play sound