




नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी शुक्रवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन ‘भारत फूड एंड एग्रो @ 2047’ में शामिल हुए। इस सम्मेलन की थीम ‘ग्रोथ, इनोवेशन एंड ग्लोबल रीच’ रखी गई थी।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए भागीरथ चौधरी ने कहा कि किसान भारत की आर्थिक प्रगति का आधार हैं। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कृषि क्षेत्र को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अब कृषि का लक्ष्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि फसलों की गुणवत्ता सुधारना, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसानों की आमदनी बढ़ाना भी होना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने कीटनाशकों और रासायनिक खादों का संतुलित इस्तेमाल करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने अवशेष मुक्त कृषि उत्पादन और जलवायु के अनुकूल खेती को बढ़ावा देने की बात कही।
उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि शुरुआत में अपनी खेती की कम से कम 10 प्रतिशत जमीन पर प्राकृतिक खेती करें और अनुभव के आधार पर धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ाएं।
मंत्री ने ज्वार और बाजरा जैसे मोटे अनाज यानी श्री अन्न की संभावनाओं पर भी जोर दिया। उन्होंने इनके उत्पादन, प्रसंस्करण और नए खाद्य उत्पाद तैयार करने के लिए शोध बढ़ाने की जरूरत बताई, ताकि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी मांग बढ़ सके।
उन्होंने किसान उत्पादक संगठनों (FPO), छोटे उद्योगों और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्योगों को मजबूत करने की बात भी कही।
इस दौरान उन्होंने कृषि अवसंरचना कोष, प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना, पीएमएफएमई योजना और एक जिला-एक उत्पाद जैसी सरकारी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने उद्यमियों से आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्मार्ट पैकेजिंग अपनाने की अपील की, ताकि स्थानीय कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाया जा सके।
इस सम्मेलन में उद्यमियों, उद्योग प्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों और नीति निर्माताओं ने कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मजबूत बनाने, नए अवसरों और निर्यात बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
