मेडिकल ऑफिसर की कमी दूर करने शासन को भेजें प्रस्ताव: कलेक्टर

जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन अस्पताल) की रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति की राशि से सामग्री की खरीदी में पारदर्शिता बरतने तथा शासन के अधिकृत उपक्रमों के माध्यम से ही सामग्री की खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। बैठक में सिंह ने रोगी कल्याण समिति की एक अप्रैल से अभी तक के आय-व्यय का ब्यौरा लिया तथा प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की।

कलेक्टर सिंह ने अस्पताल के कराये गये मेडिकल सेफ्टी ऑडिट तथा फायर सेफ्टी ऑडिट पर भी विस्तार से बैठक में चर्चा की। उन्होंने अस्पताल की पेयजल आपूर्ति की समस्या के स्थायी समाधान के लिये नगर निगम की जल आपूर्ति लाईन को अस्पताल परिसर तक पहुंचाने और अस्पताल की जलापूर्ति लाइन से जोडऩे के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल में बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किये जा रहे उपायों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जनरेटर की स्थापना के लिए चिन्हित स्थान पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर की कमी दूर करने का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी बैठक में दिए।

एजेंसी ठीक से काम नहीं कर रही तो ननि को काम सौंपा जाए-

कलेक्टर सिंह ने बैठक में रानी दुर्गावती चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब के विस्तार, नये चिकित्सा उपकरणों एवं अत्याधुनिक जांच मशीनों के संचालन के लिए बिजली आपूर्ति की अलग लाइन बिछाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने इस कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी बैठक में मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये। श्री सिंह ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई के कार्य में आ रही कठिनाईयों पर चर्चा करते हुए कहा कि यदि एजेंसी यह कार्य ठीक से नहीं कर पा रही है तो अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का काम नगर निगम को सौंपा जाए। रानी दुर्गावती चिकित्सालय के मीटिंग हॉल में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर रवि शंकर राय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, एल्गिन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. नीता पराशर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

Next Post

साइबर ठग ने पुलिस अधिकारी बताकर युवती को लगाई चपत  

Fri Sep 11 , 2026
जबलपुर। कोतवाली थाना अंतर्गत चेरीताल निवासी एक युवती को साइबर ठग ने फोन किया और स्वयं को पुलिस अधिकारी बताते हुए उसे डराया कि उसका यूएसए का दोस्त मुंबई एयरपोर्ट में गोल्ड व डॉलर पाया गया जिसका बिल नहीं है और जीएसटी बिल बनाना पडेगा जिसका चार्ज देना पड़ेगा। डरा […]

You May Like