सिंगरौली: जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरी नहीं हो पाने से अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। महिला एवं बाल विकास विभाग, भोपाल द्वारा 19 जून 2025 को जारी विज्ञापन के तहत जिले में 18 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं 200 आंगनवाड़ी सहायिका पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के बाद 4 सितंबर 2025 को अंतरिम सूची जारी की गई थी। शासन के निर्देशों के अनुसार इसके सात दिवस के भीतर दावा-आपत्ति की सुनवाई तथा दो दिवस में नियुक्ति आदेश जारी किए जाने थे, लेकिन अब तक सुनवाई की तिथि तय नहीं हो सकी है। इससे भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है।अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से प्रक्रिया लंबित रहने के कारण वे लगातार विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
विभागीय स्तर पर कभी प्रशासनिक कारणों तो कभी अन्य व्यावहारिक परिस्थितियों का हवाला दिया जा रहा है, जिससे प्रक्रिया में और देरी हो रही है।भर्ती में विलंब का असर जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन पर भी पड़ रहा है। कई केंद्रों में पद रिक्त होने से पोषण आहार वितरण, टीकाकरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की निगरानी तथा बच्चों से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में कठिनाइयां सामने आ रही हैं।अभ्यर्थियों ने मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जाए, समयबद्ध तरीके से दावा-आपत्ति की सुनवाई हो और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से आगे बढ़ाया जाए।
