
सीधी। जमोड़ी थाना पुलिस ने पड़रा बाईपास में कड़ी घेराबंदी कर एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी जमोड़ी उनि केदार परौहा के नेतृत्व में थाना जमोड़ी पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार दिनांक 09 सितंबर 2026 को थाना जमोड़ी पुलिस को भ्रमण के दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध रूप से गांजा लेकर बिक्री के लिए जमोड़ी की ओर जा रहा है। सूचना पर विधिवत पंचनामा कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी की गई। पड़रा बाईपास स्थित प्रतीक्षालय के सामने एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम दिलीप सिंह पिता मोहनलाल सिंह सेंगर उम्र 40 वर्ष, निवासी पड़खुड़ी नं. 01, थाना जमोड़ी, जिला सीधी बताया। पुलिस द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे में मिले काले रंग के पिट्ठू बैग से 02 पैकेटों में कुल 1 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 30 हजार है। आरोपी से गांजा रखने एवं परिवहन करने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं पाया गया। पुलिस द्वारा अवैध गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त काले रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 53 जेडएफ1870, अनुमानित कीमत 1 लाख विधिवत जप्त की गई। संपूर्ण तलाशी एवं जप्ती कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप* के माध्यम से की गई। आरोपी दिलीप सिंह के विरुद्ध थाना जमोड़ी में धारा 8, 20(बी), 27(ए), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में मादक पदार्थ के स्रोत एवं नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
