
हनुमना, हनुमना तहसील में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 8 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित संयुक्त कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया.
लोकार्पण समारोह में सांसद जनार्दन मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने की. मुख्य अतिथि सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि आठ करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह भवन क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि मऊगंज में लगभग पचास करोड़ रुपए की लागत से कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण हो रहा है. इसके साथ ही विभिन्न विभागों के भवनों का निर्माण भी प्रगति पर है. उन्होंने कहा कि ये निर्माण कार्य मऊगंज के जिला बनने के बाद विकास की नई यात्रा की शुरुआत का प्रतीक हैं. सांसद ने कहा कि मऊगंज जिले की मांग लंबे समय से चली आ रही थी और जिले के गठन के बाद अब इसे व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आमजन के सहयोग की आवश्यकता है.
उन्होंने बताया कि रीवा से मिर्जापुर रेलवे लाइन के लिए सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है. मऊगंज क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग पांच हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है और कार्य प्रारंभ हो चुका है. जहां बाणसागर का पानी नहीं पहुंच पाया है, वहां माइक्रो इरिगेशन के माध्यम से गांव-गांव तक सिंचाई का पानी पहुंचाने का लक्ष्य है. कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने कहा कि निर्मित इस संयुक्त कार्यालय भवन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है. इससे आमजन को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा और प्रशासनिक कार्यों में भी सुविधा होगी. उन्होंने कहा कि मऊगंज जिले में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं. इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने कहा कि मऊगंज जिले के सामग्र विकास के लिए सभी को समन्वित होकर अपने अपने दायित्वों का निर्वहन करना आवश्यक है. इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा, नगर परिषद अध्यक्ष हनुमना आशुतोष गुप्ता, कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन आदि मौजूद रहे.
