
सिंगरौली। जयंत पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत एनसीएल जयंत परियोजना की सीडब्ल्यूएस कॉलोनी में चोरों ने एक बार फिर सक्रियता दिखाते हुए तीन बंद आवासों को निशाना बनाया। घटना उस समय हुई जब घरों के सदस्य छुट्टियों और शादी-विवाह के कारण अपने पैतृक स्थानों पर गए हुए थे।
मौके का फायदा उठाकर चोरों ने तीनों मकानों के ताले तोड़ दिए और अंदर रखे लॉकरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घरों के भीतर सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त मिला, जिससे अंदेशा है कि आरोपियों ने आराम से पूरी रात तलाशी ली। इस दौरान एक स्कूटी भी चोरी कर ली गई।
घटना ने कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, परिसर में सुरक्षा के लिए कई गार्ड तैनात हैं, बावजूद इसके इस तरह की वारदात ने सुरक्षा इंतजामों की प्रभावशीलता पर संदेह पैदा कर दिया है।
पीड़ितों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
