भाजपा मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाएगी ‘सेवा संकल्प अभियान’: नवीन

नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर पार्टी एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलायेगी। इसकी शुरुआत 17 सितंबर को श्री मोदी के जन्मदिन पर होगी और 17 अक्टूबर तक देशभर में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।
श्री नवीन ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, जिनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता भी भाग लेगी। कार्यक्रम की शुरुआत रक्तदान शिविर से होगी। उन्होंने कहा, “17 सितंबर को हम ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित करेंगे। दो अक्टूबर को हर वर्ष की तरह स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा।” उन्होंने कहा कि पहले दिन यानी 17 सितंबर को रक्तदान शिविर आयोजित किया जायेगा। इसी दिन शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर को श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे हो जायेंगे। श्री मोदी ने सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल शुरुआत की थी और पिछले 25 वर्षों में उन्होंने ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के मंत्र के साथ इस यात्रा को बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पूरे कार्यकाल को इसी दृष्टि से देखा जा सकता है। शुरुआत से ही उनके मन में जो लक्ष्य और मार्गदर्शक विचार रहे, उन्होंने उन्हें हमेशा संकल्प में बदला और उन्हें पूरा करने में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने जब देश का नेतृत्व संभाला था, उस समय का माहौल निराशा और अंधकार से भरा हुआ था। देश नीतिगत पंगुता का सामना कर रहा था और भारत को दुनिया की ‘सबसे कमजोर पांच’ अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था है।
विश्व मंच पर भारत का कद और सम्मान भी काफी बढ़ा है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री मोदी की यात्रा एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुई थी और आज देश के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में कार्य कर रहे हैं। यह उनके स्पष्ट दृष्टिकोण, अटूट संकल्प और सामाजिक जीवन में गुणात्मक बदलाव तथा लोगों के जीवन में परिवर्तन लाने के लगातार प्रयासों से संभव हुआ है। आज हर भारतीय सम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2014 से ही युवाओं को आशा और सकारात्मक सोच से भरा वातावरण देने का काम अपने हाथ में लिया।
श्री नवीन ने इस दौरान नक्सलवाद का उल्लेख करते हुए कहा, “नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में हमने महत्वपूर्ण प्रगति की है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की प्रगति केवल विकास तक सीमित नहीं रही है। हमारी सांस्कृतिक पहचान और विरासत भी मजबूत हुई है। राम मंदिर से लेकर काशी विश्वनाथ तक उन्होंने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने, उसका पुनरुद्धार और उसका विकास करने के लिए काम किया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री मोदी ने अपनी सार्वजनिक यात्रा की शुरुआत गुजरात से की थी और नर्मदा परियोजना के माध्यम से उन्होंने यह सुनिश्चित करने का काम किया कि हर घर तक पानी पहुंचे। ‘वाइब्रेंट गुजरात’ के माध्यम से उन्होंने गुजरात को विकास और निवेश के एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित किया। गुजरात का विकास ऐसा मॉडल बना, जिससे दूसरे राज्य भी प्रेरणा ले सकते हैं।

उन्होंने कहा कि एक समय सीमा से लगे गांवों को भारत के ‘अंतिम गांव’ कहा जाता था। उन्होंने इस सोच को बदला और उन्हें भारत के ‘पहले गांव’ कहना शुरू किया। इससे न केवल इन गांवों के आम लोगों का जीवन बदला, बल्कि इन समुदायों के प्रति लोगों की सोच भी बदल गयी।
उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि जनता तक जनसेवा का संदेश पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। अगले एक महीने के दौरान हम ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन करेंगे। इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और 17 अक्टूबर तक चलेगा।”
उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप राष्ट्र बन गया है।
स्टार्टअप और यूनिकॉर्न के माध्यम से हमारे युवा आगे बढ़े हैं और वे केवल नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनकर सामने आये हैं। आज ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के माध्यम से भारत के युवा हर क्षेत्र में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
श्री नवीन ने कहा, “प्रधानमंत्री ने ‘महिला नेतृत्व वाला विकास’ की बात कही। उनके नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से शुरू हुई यात्रा आज ‘लखपति दीदी’ के पड़ाव तक पहुंच चुकी है। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के माध्यम से देश की महिलाओं को उनके अधिकारों के साथ सशक्त बनाने और नीति बनाने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हमारा लगातार प्रयास जारी है।”

Next Post

अवैध कॉलोनाइजरों पर प्रशासन का शिकंजा: बिना अनुमति प्लॉट बेचने वाले 3 कॉलोनाइजरों पर FIR दर्ज

Wed Sep 9 , 2026
सौसर,  लोधीखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खेरीतायगांव में अवैध रूप से कॉलोनी काटकर प्लॉट बेचने के गंभीर मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बिना किसी वैधानिक अनुमति के कृषि भूमि को छोटे-छोटे आवासीय भूखंडों में बांटकर बेचने के आरोप में तीन कॉलोनाइजरों के विरुद्ध संबंधित थाने में […]

You May Like