
परासिया। तामिया क्षेत्र के लहगडुआ के जंगल में टाइगर देखे जानें की खबर से क्षेत्र में खतरा बढ़ गया है। आधी रात के बाद टाइगर के सड़क तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
सोमवार देर रात करीब एक बजे लहगडुआ क्षेत्र में सड़क किनारे टाइगर घूमते हुए देखे जानें की बात की जा रही है। बड़कुही के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार नायक और उनके वाहन चालक ने टाइगर को प्रत्यक्ष रूप से देखा। डॉ. नायक ने बताया कि वे चावलपानी में आयोजित नसबंदी शिविर से लौट रहे थे। जैसे ही उनका वाहन लहगडुआ के पास सड़क के एक मोड़ पर पहुंचा, वाहन की हेडलाइट की रोशनी में सड़क के किनारे चलता हुआ टाइगर दिखाई दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तुरंत वाहन की गति बढ़ाई और वहां से सुरक्षित निकलने का प्रयास किया। सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
क्षेत्र में टाइगर की इस तरह सड़क तक आवाजाही से वन विभाग और प्रशासन के लिए चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। मामले को लेकर वन विभाग के अधिकारियों ने बताया की क्षेत्र में बाघ की उपस्थिति के अब तक कोई ठोस सबूत सामने नहीं आए है, फिर भी वे क्षेत्र के जंगलों में बाघ के पग मार्क की जांच करा रहे हैं।
