
छतरपुर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका से भिड़ने जा रही है। इस ऐतिहासिक मैच में बुंदेलखंड के छतरपुर जिले के घुवारा की रहने वाली क्रिकेटर क्रांति गौण भी टीम का हिस्सा हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है।
क्रांति गौण के कोच राजीव बिल्थरे ने रविवार दोपहर 2 बजे मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भारत यह मैच जरूर जीतेगा और क्रांति इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कोच ने कहा
“मुझे यकीन है कि इंडिया यह मैच जीतेगा और क्रांति का इसमें अहम योगदान रहेगा। वह एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी है और उसके खेल में निरंतर निखार आ रहा है। उसे अभी बहुत आगे जाना है, और मुझे भरोसा है कि आने वाले समय में वह इससे भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। मेरी शुभकामनाएं हमेशा उसके साथ हैं।
क्रांति गौण की सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे छतरपुर जिले में गर्व का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमी और नागरिक भी आज के फाइनल मैच को लेकर उत्साहित हैं और भारतीय टीम की जीत की कामना कर रहे हैं।
